
आ स. संवाददाता
कानपुर। मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के आने से सुबह और रात में ठंड होने लगी है, जबकि दिन भी हल्के ठंडे हो रहे हैं। बीते 24 घंटे के दौरान औसतन पारा 3.2 डिग्री कम दर्ज किया गया।
सुबह उत्तर पश्चिमी और फिर दक्षिणी पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट हुई। अब नए पश्चिमी विक्षोभ का इंतजार है। 27 से 28 के बीच हल्की बारिश की संभावना है। फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
विक्षोभ कमजोर होने के कारण इनके गुजरने के बाद उत्तर पश्चिमी तेज हवाएं नहीं चल पा रही हैं। अधिकतम तापमान 30.2 से गिरकर 27 डिग्री हो गया। यह सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक है।
न्यूनतम पारा 13 से बढ़कर 14 डिग्री हो गया। यह भी सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। हवा की गति औसत 3.2 किमी प्रति घंटा रही।
सीएसए और भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान साफ रहेगा। तेज धूप खिलेगी। सोमवार से बादलों की आवाजाही शुरू होगी। तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अभी तो बारिश के आसार नहीं हैं लेकिन 27-28 फरवरी के करीब बारिश के आसार हैं। अभी पुराने विक्षोभ का असर मैदानों में दिखेगा, इसके बाद नए विक्षोभ के असर से बारिश की संभावना है।