
संवाददाता
कानपुर। कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। शाम के समय से चली सर्द हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया। रात में चली हवाओं ने गलन का एहसास कराया। प्रदेश में कानपुर की रात सबसे ठंडी रिकॉर्ड की गई। यहां 4 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा।
सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार यह तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। सुबह के समय निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों को खुद को ढककर निकले।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि
अगले 24 घंटे तक कानपुर मंडल में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। रातें सर्द रहेंगी। कहीं कहीं सुबह के समय कोहरा भी दिख सकता है। दिन में तेज धूप निकलेगी जो कि ठंड से राहत देंगी।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी व अरब सागर की ओर से आने वाली नमी से बादल छा सकते हैं, जिससे रात के तापमान बढ़ेंगे, जिससे ठंड से राहत मिलेंगे।
कोहरे के चलते 20 ट्रेनें तय समय से घंटों की देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (15558) 06.33 घंटे लेट रही। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 01.02 घंटे देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी (12003) 48 मिनट लेट रही।






