
संवाददाता
कानपुर। सुबह से शाम तक लगातार पड़ रही तेज धूप तापमान बढ़ने की बड़ी वजह बन रही है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
कानपुर में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। दिन में लगातार तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
सीएसए के सनशाइन रिकॉर्डर में 10 घंटे 1 मिनट तक धूप दर्ज की गई, जिससे शहर का अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक है। बीते आठ दिनों में पारा 13.6 डिग्री तक बढ़ चुका है। वहीं सीएसए में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो एयरफोर्स स्टेशन से 1.8 डिग्री कम रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अब तापमान लगातार बढ़ेगा और रात का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि हवाओं का रुख बदलते ही लू चलना शुरू हो जाएगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक हिमालय से चलने वाली ठंडी हवाएं थम चुकी हैं। अब राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म हवाएं आने लगेंगी, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी।
अगले पांच दिनों तक आसमान साफ रहने का अनुमान है, जिससे धूप और तेज रहेगी।
तेज गर्मी के चलते दोपहर में बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखा। लोग सिर पर गमछा, छाता और चश्मा लगाकर ही बाहर निकलते नजर आए। नगर निगम की ओर से गर्मी से राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले हफ्ते में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है।






