
संवाददाता
कानपुर। एक सप्ताह में दो बार सड़क धंसने का मामला सामने आया है। इसे लेकर भाजपा पार्षदों ने नगर निगम पर कार्य में लीपापोती करने का आरोप लगाया है। हाल ही में एक करोड़ से बने बृहमनगर चौराहा पर सड़क धंस गई। इससे पूर्व 22 जनवरी को ईदगाह चौराहा के पास करीब 15 मीटर तक सड़क धंस गई थी। वहां पर करीब 25 फिट गड्डा हो गया था।
इसके बाद अब भाजपा पार्षदों ने अपने अधिकारियों पर लीपापोती का आरोप लगाया है। इलाके के लोगों ने भी धंसती सड़क पर नाराजगी जताई है।
बृहमनगर चौराहा के रहने वाले नीरज शुक्ला ने बताया कि यहां की सड़क जून में धंसी थी। इसके बाद मिट्टी भराव का काम हुआ है। जिसकी वजह से अभी रोड फिर धंस गई है। यहां से ईदगाह के पास 200 मीटर की दूरी पर रोड धंसी हुई है। इस काम को अधिकारियों को अपने संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द काम खत्म कराना चाहिए।
ईदगाह के पास बहुत भयानक रोड धंसी थी। बृहमनगर चौराहे पर बारिश से मिट्टी धंस गई है। इन सड़कों को अधिकारियों को जल्द से जल्द सही कराना चाहिए, अब बहुत समय हो गया है। राहगीरों को बहुत दिक्कत होती है।
बृहमनगर के निवासी रिंकू बताते हैं अभी दो महीने पहले चौराहा बना था। जरा सी बारिश हुई और मिट्टी धंस गई ये लापरवाही तो बनाने वाले की है। कुल तीन जगह पर नाले धंसे हुए हैं। एक ईददगाह के पास धंस गया है, रामबाग गुरद्वारे के पास काम चल रहा है।
अभी बृहमनगर चौराहे पर मिट्टी धंसी हुई है। कुल मिला के 700 मीटर में 3 जगह सड़क धंसी हुई है। हमारी अधिकारियों से मांग है कि जल्द से जल्द काम को खत्म किया जाए, जिससे आने जाने वालों को कोई परेशानी न हो।
कानपुर शहर के हर्षनगर में 7 दिन में दो जगह सड़क धंसने के मामले में भाजपा पार्षद आलोक पांडेय ने बताया कि बृहमनगर चौराहा पर पहले डाट नाला धंस गया था। 28 जून 2025 से यहां काम चल रहा था। अब दिसंबर पूरा होने के बाद जनवरी आ गई है। सब काम ऐसे ही हुआ है। कहीं पर कोई बेसमेंट नहीं बनाया गया।
अभी तक बृहमनगर चौराहा के नाम से एक करोड़ की फ़ाइल बन चुकी है। पूरे चौराहे पर अभी तक काम खत्म नहीं हो पाया है। अब पब्लिक भी नगर निगम के ऊपर सवाल उठा रही है। हम इस समय वार्ड से लेकर केंद्र तक सरकार में हैं तो हमारी जिम्मेदारी ज्यादा है।
वह बताते हैं कि इसमें पूरी लापरवाही अधिकारियों की है। जब दो महीने पहले वहां डाट नाला धंसा तो मिट्टी भर के बंद करते रहे। जिस डाट नाला में हाथी चला जाता है, उसमें मिट्टी भरने से क्या होगा। हमारे पूरे वार्ड पर भगवान की विशेष कृपा है जिससे कोई घटना नहीं हुई।
हर्ष नगर के ईदगाह चौराहा पर 22 जनवरी को सड़क दरकने के बाद काम शुरू हुआ, लेकिन रात में 12 बजे फिर से सड़क किनारों से दरकने लगी, जिसके बाद आसपास के रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। हालांकि वहां काम करने वाले लोग मौके पर मौजूद नहीं थे। जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
इस मामले में नगर निगम की अधिकारी मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया 30 दिन में काम पूरा होने की संभावना है। सुरक्षा की दृष्टि से गाटर और शटरिंग लगाई गई है। जिससे दोबारा से मिट्टी न खिसके।






