
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत नौरंगाबाद स्थित लोहारखेड़ा गांव में विकास कार्यों की वास्तविकता बारिश ने खोल दी, गांव की नालियां टूटी हुई हैं और सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
नालियों की नियमित सफाई न होने से जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्याम राजपूत, छोटू, पप्पू राजपूत, विशाल और संदीप सहित कई ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहे हैं। मामले में ग्राम प्रधान से संपर्क किया गया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बात करके जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। जलभराव और गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
गांव में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से स्थानीय निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ में फिसलने से कई लोग घायल हो चुके हैं।
जलभराव से उत्पन्न गंदगी के कारण गांव में बीमारियां फैल रही हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।






