February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर। प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गुरुवार को क्राइम ब्रांच टीम ने बेकनगंज से 70 चरखी चायनीज मांझे के साथ दुकानदार को गिरफ्तार किया। 

इस खुलासे में क्राइम ब्रांच टीम ने एक पुलिसकर्मी को पतंगबाज बनाकर दुकानदार से डील करने के लगाया था, पुलिस वाले ने दुकानदार से कहा कि–मुझे टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है, इसके लिए चायनीज मांझा चाहिए… दुकानदार और पुलिसवाले के बीच चार चरखी के लिए 1500 में डील तय हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम एंड हेडक्वार्टर संकल्प शर्मा ने बताया कि प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शहर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, क्राइम ब्रांच टीम को बेकनगंज थानाक्षेत्र में चायनीज मांझा बिकने की काफी समय से सूचना मिल रही थी। इस खुलासे के लिए एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके की अगुवाई में एक टीम को लगाया गया था। एडीसीपी के मुताबिक दुकानदार को जाल में फंसाने के लिए उन्होंने टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी को पतंगबाज बनाकर हीरामन का पुरवा का निवासी आरिफ उर्फ शैफी के पास भेजा। 

पुलिसकर्मी ने आरिफ से कहा कि– मुझे एक पतंगबाजी के टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है, जिसके लिए मुझे चायनीज मांझा चाहिए, जिस पर आरिफ ने 1000 रुपए में तीन चरखी देने की बात कही। डील तय होने पर आरिफ ने पुलिसकर्मी को 3 चरखी चायनीज मांझा दे दिया।
क्राइम ब्रांच टीम ने जांच की, तो चायनीज मांझा निकला। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और दोबारा चार चरखी की डिमांड की, जिस पर 1500 रुपए में सौदा तय हुआ। आरिफ जैसे ही मांझा डिलीवर करने पहुंचा तो पुलिस ने उसे धर दबोचा। एडीसीपी के मुताबिक आरिफ 150 रुपए में चायनीज मांझे की एक चरखी खरीदता था और उसे 350 रुपए में बेचता था।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के मुताबिक आरोपी आरिफ के खिलाफ बेकनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। 

इससे पहले भी कानपुर में चायनीज मांझा बेचने पर दो एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें 3 लोगों को जेल भेजा गया है। अब तक कुल 100 चरखी छापेमारी में बरामद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आरिफ से पूछताछ में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनसे उसने प्रतिबंधित मांझा खरीदा था। जल्द ही पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। 

Related News