
संवाददाता
कानपुर। थाना महराजपुर क्षेत्र के कुलगांव चौकी के अंतर्गत वीसी मोटर्स के सामने कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर बीती रात एक दुखद घटना घटी। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा देर रात हुआ, इसलिए समय पर किसी को जानकारी नहीं मिली। इस कारण महिला का शव कई घंटों तक हाईवे पर पड़ा रहा। सैकड़ों वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे। महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है। इससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बचे हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के दाहिने हाथ की कलाई के नीचे का हिस्सा सही अवस्था में मिला है। इस पर पी पी आर एन लिखा हुआ है। शव लगभग दो सौ मीटर तक फैला हुआ था।
महाराजपुर पुलिस ने बताया कि वे शव के बचे हुए हिस्सों की पहचान के प्रयास कर रहे हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक महिला स्थानीय निवासी थी या बाहर से आई थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। नजदीकी चौकियों और थानों से भी सहायता मांगी गई है।
महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई जारी है।