February 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। नगर के साढ़ स्थित डिफेंस कॉरिडोर में मंगलवार को सांसद रमेश अवस्थी पहुंचे और अदानी डिफेंस परिसर का निरीक्षण किया। सांसद ने एआई तकनीक आधारित आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों का अवलोकन किया और निर्माण प्रक्रिया को नजदीक से समझा। निरीक्षण के बाद सांसद ने शूटिंग रेंज में पहुंचकर कार्बाइन से लगातार 5 फायर भी किए।
साढ़ कस्बा स्थित डिफेंस कॉरिडोर पहुंचने पर सांसद रमेश अवस्थी का स्वागत अदानी डिफेंस के ज्वाइंट प्रेसिडेंट अशोक वाधवान ने बुके देकर किया। इसके बाद सांसद ने परिसर में प्रदर्शित एआई तकनीक आधारित हथियारों का निरीक्षण किया। अशोक वाधवान ने उन्हें विभिन्न प्रकार के आर्म्स और वेपंस की तकनीकी विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने उरी सर्जिकल स्ट्राइक में इस्तेमाल की गई स्नाइपर गन भी देखी। उन्होंने गन को हाथ में लेकर उसका वजन परखा और निशाना साधते हुए कहा कि हथियार काफी हल्का प्रतीत हो रहा है। इस पर अदानी डिफेंस के ज्वाइंट प्रेसिडेंट अशोक वाधवान ने बताया कि कंपनी एआई तकनीक आधारित आधुनिक हथियार विकसित कर रही है, जिससे वेपंस हल्के होने के साथ-साथ अधिक मजबूत भी बनते हैं। उन्होंने बताया कि हल्के हथियारों से फायरिंग के दौरान बैक प्रेशर कम होता है, जिससे जवानों को संचालन में आसानी मिलती है और थकान भी कम होती है।
निरीक्षण के बाद सांसद रमेश अवस्थी शूटिंग रेंज पहुंचे, जहां उन्होंने कार्बाइन से एक के बाद एक लगातार पांच फायर किए। फायरिंग के बाद उन्होंने कहा कि शूटिंग का अनुभव सहज और आसान रहा। हथियार काफी हल्के थे, जबकि कार्बाइन की तुलना में पिस्टल थोड़ा भारी लगी। उन्होंने बताया कि उनका अनुभव काफी अच्छा रहा। 

Related News