
संवाददाता
कानपुर। नगर के साथ ही प्रदेश में नौतपा की शुरुआत 25 मई से हो गई है। लेकिन मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार नौतपा ज्यादा नहीं तपेंगे। इसका असर भी दिखने लगा है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम होकर 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए गए।
बादलों की आवाजाही से दिन के तापमान कम तो रात के तापमान बढ़ रहे हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक होकर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। वहीं हवा में नमी का प्रतिशत बढ़कर 68 फीसदी पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
नगर में सुबह घने बादल छाए, लेकिन बिना बरसे ही निकल गए। इससे कानपुर वासियों को बारिश न होने से कोई राहत नहीं मिली। नमी के चलते उमस और गर्मी दोनों ही अब लोगों को सता रही है।
तापमान भले कम हो, लेकिन गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। इसे हीटइंडेक्स प्रभाव कहा जाता है। 12.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।