December 8, 2025

संवाददाता
कानपुर।
सुबह से ही आसमान बिल्कुल साफ था और धूप धीरे-धीरे अपना सितम दिख रही थी। वातावरण में नमी रहने के कारण उमस भी लोगों को काफी सताएगी। फिलहाल मौसम वैज्ञानिक की माने तो आजकल मौसम बिल्कुल साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। शहर में पिछले तीन दिनों से तेज धूप के चलते दिन पर दिन पारा चढ़ता जा रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार पारा चढ़ता जा रहा है। इस कारण लोगों को गर्मी भी काफी सता रही है। पिछले तीन से चार दिनों में पारा लगभग 7 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। बरसात के रुकने के बाद से अब तक अधिकतम पारा 35.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
शनिवार को पारा 32.5 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था तो वहीं रविवार को 34.4 डिग्री पर दर्ज हुआ था सोमवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम आर्द्रता 74 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत दर्ज हुई है। हवा की औसत गति 5.7 किमी प्रति घंटा दक्षिण से पश्चिम की ओर चल रही है।
प्रो. पांडेय ने बताया कि आगामी 5 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण 22 और 23 जुलाई के मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर बूंदा बांदी और बौछारें पड़ने की संभावना है। तेज बारिश अभी नहीं होगी।
रविवार से ही एक निम्न दाब क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान और उससे निकटवर्ती इलाकों पर बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। अगले 12 घंटों के दौरान, इसके पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कम दाब वाले क्षेत्र में पहुंचकर कमजोर होने की संभावना है।
मानसून ट्रफ मध्य समुद्र तल पर पश्चिमी राजस्थान और उससे निकटवर्ती पाकिस्तान, चूरू, दिल्ली, शाहजहांपुर, लखनऊ, पटना, बांकुरा, दीघा और फिर पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजर रही है।