
संवाददाता
कानपुर। हवाओं की दिशा बदलने से दिन के तापमान में अब इजाफा होगा। लेकिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री से नीचे रहेगा और नमी का प्रतिशत अधिक बना रहेगा। कल शहर का हीट इंडेक्स 62 रहा जो रेड जोन में आता है। 15 जून तक मानसून आने की प्रबल संभावना जताई जा रही है बशर्ते चक्रवात शक्ति बाधा न पैदा करे। बुधवार सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है।
पूर्वी हवाओं के कारण नमी का प्रतिशत लगातार अधिक बने रहने से दिन का तापमान 40 डिग्री के नीचे बना हुआ है। फिलहाल तीन जून से पहले अधिकतम पारा 42 डिग्री से नीचे रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद तेजी से पारा चढ़ सकता है। रात के तापमान में भी वृद्धि हो रही है, जो सामान्य से अधिक है।
दक्षिण-पूर्वी हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा रही। रात में भी हवा की रफ्तार अधिक रहेगी लेकिन दिन में गति घट सकती है। आंधी-पानी के आसार बन सकते हैं। पहले 30 मई को संभावना थी लेकिन अब 28 मई के बाद कभी भी बारिश संभावित है। मौसम विभाग ने 31 मई तक आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इस बीच मानसून के जून के तीसरे पखवाड़े में आने की संभावना अधिक है। जून में ज्यादा बारिश संभावित है। दक्षिणी पश्चिमी मानसून रफ्तार में है, जिसके प्रदेश में 15 जून तक दस्तक देने की संभावना है।
यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो सामान्य से अधिक वर्षा होगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।