
संवाददाता
कानपुर। शहर में रविवार को धूप और उमस ने लोगों को खासा परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 81 प्रतिशत जबकि न्यूनतम आर्द्रता 52 प्रतिशत रही। हवा की गति करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही और इसकी दिशा उत्तर-पश्चिमी रही। शहर में बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हीट इंडेक्स ऊंचा रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मॉनसून ट्रफ का पूर्वी सिरा दक्षिण की ओर खिसक गया है और पश्चिमी सिरा राजस्थान के श्रीगंगानगर, हरियाणा के रोहतक, मध्यप्रदेश के शिओनी और छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है। इसके प्रभाव से अरब सागर से नमी खींचकर उत्तर भारत की ओर हवाएं आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि कानपुर मंडल में 15 और 16 सितंबर की रात से हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही बादलों की आवाजाही रहेगी, बीच-बीच में धूप तेज निकलने से उमस भरी गर्मी और हीट इंडेक्स भी अधिक रहेंगे। हवा की गति कभी-कभी बढ़कर 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
कुल मिलाकर, कानपुर में अभी धूप और उमस का असर जारी रहेगा, लेकिन 15-16 सितंबर को होने वाली हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।






