July 1, 2025

संवाददाता

कानपुर।  आज महापौर एवं नगर आयुक्त के द्वारा किशनपुर स्थित नवीन एनीमल बर्थ कन्ट्रोल सेन्टर का  निरीक्षण किया गया।

नवीन एबीसी सेन्टर में तैनात वेटनरी सर्जन के द्वारा अवगत कराया गया कि यहाँ कानपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से पकड़कर कुत्तो को बधियाकरण हेतु लाया जाता है तथा एक दिन रखकर दूसरे दिन सर्जरी कर, तीसरे दिन उचित चिकित्सकीय देखभाल कर, चौथे दिन मूल स्थान पर छोड़ दिया जाता है। प्रतिदिन 40 आवारा कुत्तों का बधियाकरण एवं टीकाकरण की कार्यवाही की जाती है। जिस पर नगर आयुक्त इसकी ने क्षमता वृद्धि हेतु आदेशित किया। 

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 17 नगर निगमों में बनाये गये सभी एबीसी सेन्टरों में सर्वप्रथम नगर निगम कानपुर में ही नव निर्मित इकाई का विगत एक माह से सफल संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में एबीसी सेन्टर में 2 वेटरिनरी सर्जन, 5 पैरावेट, 7 केयरटेकर कर्मी, 12 डॉग कैचर कर्मी व 5 डॉग कैचर वाहन कार्यरत है।

महापौर व नगर आयुक्त  ने तुलसी उपवन में निर्मित होने वाले डॉग पार्क के विषय में जानकारी प्राप्त की तथा पार्क का जल्द से जल्द निर्माण प्रारम्भ किये जाने हेतु निर्देशित किया।

नगर आयुक्त के द्वारा यह निर्देशित किया गया कि 13 जुलाई दिन रविवार को मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में एक वृहत रजिस्ट्रेशन व वेक्सीनेशन कैम्प का आयोजन भी किया जायेगा।

एनीमल बर्थ कन्ट्रोल सेन्टर के निरीक्षण के समय मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, डा. आर के निरंजन, पशुचिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी, डा. शिल्पा सिंह, राजस्व निरीक्षक, दिनेश कुमार केयरटेकर  ऋषीकेश एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

तत्पश्चात महापौर और नगर आयुक्त ने कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। वर्तमान समय में कान्हा गौशाला में कुल 5314 गौवंश संरक्षित है।

लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत गौशाला की व्यवस्था की जाँच कर भूसा, चारा, पानी आदि की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया तथा गौवशो को गुण मिष्ठान आदि खिलाया गया। वर्तमान में भूसा संग्रह केन्द्रों में कुल 10,000 कुंतल भूसा एवं 43 कुंतल चोकर संग्रहीत पाया गया तथा पर्याप्त साफ-सफाई पायी गयी। नगर आयुक्त ने वर्तमान में किये जा रहे वृक्षारोपण का निरीक्षण कर प्रसन्नता व्यक्त की तथा गौशाला की परिधि पर घने व बड़े वृक्षो के वृक्षारोपण हेतु मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया, साथ ही गौशाला में निर्मित की जा रही वर्मीकम्पोस्ट और अधिक मात्रा में उत्पादित करने हेतु आदेशित किया।

महापौर महोदया ने गौशाला के सौन्दरीकरण तथा क्षमता वृद्धि हेतु निर्देशित किया। उन्होने कहा कि क्षमता वृद्धि हेतु और चरहियो का निर्माण कराया जाये तथा सौन्दरीकरण हेतु गौशाला में भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा की स्थापना के साथ गाय की प्रतिमा भी स्थापित की जाये तथा मधुर संगीत हेतु साउण्ड सिस्टम की भी व्यवस्था की जाये।