March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
चकेरी क्षेत्र के हरजेंद्र नगर निवासी पूर्व सैनिक कामेश्वर नाथ वर्मा और उनकी पत्नी बिंदु देवी एक साल से जमीन के कब्जे के लिए दर-दर भटक रहे हैं। वर्मा दंपति ने 6 जून 2023 को राम सिंह यादव से हाथीपुर स्थित 500 वर्ग गज जमीन 20 लाख रुपए में खरीदी थी। भुगतान आरटीजीएस के जरिए किया गया था। जमीन की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
पीड़ित का कहना है कि रजिस्ट्री के समय विक्रेता राम सिंह यादव ने बारिश के बाद जमीन नाप कर देने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद से लगातार संपर्क करने पर वह टालमटोल करता रहा। वर्मा दंपति ने कई बार फोन और मुलाकात की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
अक्टूबर 2024 में जब कामेश्वर नाथ वर्मा निर्माण सामग्री लेकर जमीन पर पहुंचे तो देखा कि वहां कुछ लोगों ने तार से घेराबंदी कर दी है। इस दौरान विक्रेता राम सिंह यादव मौके पर नहीं आया। पीड़ित का आरोप है कि न तो विक्रेता फोन उठा रहा है और न ही घर पर मिल रहा है।
शिकायत में कामेश्वर नाथ वर्मा ने राम सिंह यादव के साथ-साथ पिंटू कुमार पांडेय का नाम भी साजिश में शामिल बताया है। उनका कहना है कि दोनों मिलकर उन्हें धोखा दे रहे हैं और उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पूर्व सैनिक ने अब पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर पूरे मामले में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि विक्रेता और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें उनकी खरीदी गई जमीन का कब्जा मिल सके।