February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर। रामादेवी से गोल चौराहे तक 10.160 किलोमीटर लंबे मार्ग पर फोर लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इस व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा। आम लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। क्योंकि अभी क्रॉसिंग बंद होने पर लंबा जाम लगता है, 10 मिनट की दूरी तय करने में घंटेभर का समय लग जाता हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर इस परियोजना को मंजूरी मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग 988.30 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने इस 4-लेन एलिवेटेड ट्रैक को बनवाने के लिए नितिन गडकरी से दिल्ली स्थित ऑफिस में मिलकर भी चर्चा की थी। इसके अलावा 31 जनवरी 2026, 15 फरवरी 2025 और 12 दिसंबर 2024 को पत्र लिखकर इसे बनवाने की मांग की थी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कानपुर में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर रामादेवी से गोल चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
इस एलिवेटेड रोड पर कई रेलवे क्रॉसिंग हैं, जहां ट्रैफिक जाम लगता है। सांसद का कहना है- यह प्रोजेक्ट ट्रैफिक को एलिवेटेड रोड से गुजारकर शहर के प्रमुख जंक्शनों पर जाम को काफी हद तक कम करेगा। इससे पुराने एन एच -91 पर भारी जाम की समस्या दूर होगी। आने-जाने वालों का सफर समय कम होगा।
सांसद ने कहा- यह परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक एवं सुगम बनाएगी।

10 किलोमीटर लंबे इस रास्ते में फिलहाल एक घंटे का समय लगता है। अगर हम रास्ते मे प्रमुख जाम वाले स्थानों की बात करें तो रामादेवी से चलने के बाद टाटमिल, झकरकटी बस अड्‌डा, अफीम कोठी चौराहा, पापुलर धर्म काटा, जरीब चौकी, गुमटी क्रासिंग, कोकाकोला क्रासिंग हैं।
इन स्थानों पर अक्सर जाम लगने की वजह से समय ज्यादा लगता है। इनमें से टाटमिल चौराहा, अफीम कोठी व जरीब चौकी में अक्सर लंबे समय तक घंटों जाम लगा रहता है।