February 12, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
पनकी क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद पति ने बच्चों को अलग कमरे में बंद करके पत्नी को जमकर पीटा। जबरन उसे डाई पिला दी। उसके बाद मौके से भाग निकला। किसी तरह बाहर आए बच्चों ने पड़ोसियों को बताया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।
पनकी थाना क्षेत्र के गंगागंज निवासी धनीराम प्राइवेट कर्मी है। उसके परिवार में पत्नी रितु के अलावा बेटी नैना, बेटे नयन व ऋषभ है। बेटी नैना ने बताया की पापा अक्सर शराब के नशे में आकर मम्मी से झगड़ा करते हैं और उन्हें मारते-पीटते है। जब बच्चे बचाने के लिए जाते हैं तो उन्हें भी मारते पीटते हैं। 

आज पापा शराब के नशे में घर आए तो मम्मी ने इसका विरोध किया, तो वह उन्हें मारने लगे। इसके बाद भाई-बहन सब मिलकर मम्मी को बचाने लगे तो पापा ने उन्हें भी पीटा और एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद पापा दुकान से डाई का पैकेट खरीदकर लाए और मम्मी को पानी में घोलकर जबरन पिला दिया। जब मम्मी की हालत बिगड़ी तो वह भाग निकले। इसके बाद किसी तरह वह कमरे से बाहर आए और पड़ोसियों को घटना की जानकारी देते हुए 112 नंबर डायल करके सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पनकी थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और महिला को तत्काल पास के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी पनकी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया की पति पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पति ने जबरन डाई पिला दी। महिला को भर्ती कराया गया है अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

Related News