
संवाददाता
कानपुर। गोविंद नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में होटलकर्मी ने नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। शाम को काम से लौटे छोटे भाई ने युवक को लटकता देख परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया । 3 माह पहले होटलकर्मी के माता पिता की मौत हो गई थी।
कच्ची बस्ती, कबीर नगर निवासी अंशु गुमटी के एक होटल में साफ सफाई का काम करता था। परिवार में भाई आकाश, राहुल, और राज हैं।
आकाश ने बताया कि तीन महीने पहले पिता मुन्नालाल की दिल की बीमारी से मौत हो गई थी, एक माह बाद ही मां की भी मौत हो गई।
अंशु ने छुट्टी ले रखी थी। दोपहर को आकाश और राहुल अपनी ससुराल गए थे, जबकि राज अपनी साइट पर गया था।
दोपहर में शराब पीने के बाद अंशु ने घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से साड़ी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। शाम करीब 5 बजे राज घर पहुंचा, तो अंशु का शव लटकता मिला।
जानकारी पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, मामले की जांच की जा रही है।






