March 11, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
अब गर्मी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। दिन गर्म होने लगे हैं और रात का तापमान भी धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। मार्च में पहली बार पारा सामान्य से 7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। 32.2 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक बादल छाएंगे, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।
विक्षोभ के सक्रिय होने का असर पहले ही दिन से दिखने लगा है। हवा की दिशा बदलते ही हल्के बादलों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इसके बावजूद तेज धूप ने मिजाज बदल दिया। तपिश का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पारा सामान्य से सात डिग्री अधिक चला गया। वहीं बादलों के आने से रातें गर्म होंगी।
दिन का पारा 5 मार्च से लगातार बढ़ रहा है। कल यह 30.2 से 32.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान सात मार्च से लगातार बढ़ रहा है। कल यह  पारा 10.6 से 11.7 डिग्री पहुंच गया। हवा की रफ्तार काफी कम रही। हवा का औसत 4.1 किमी प्रति घंटा का रहा। बीच-बीच में हवा की गति 8 से 10 किमी प्रति घंटा तक पहुंची।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा बदली है। आगे भी ऐसा ही हो सकता है। हालांकि इस दौरान तेज धूप खिलती रहेगी। हल्के बादल बीच-बीच में आते जाते रहेंगे पर तापमान में कमी आने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। 15 मार्च के बाद तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे मौसम में सामान्य असर पड़ेगा।