
संवाददाता
कानपुर। गर्मी का सितम जारी है। सुपर हीटवेव ने लोगों को गर्मी से तड़पाकर रख दिया है। अबतक का सीजन का सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक आज से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
7 जून तक राहत के बाद गर्मी सितम बरपा रही है। तापमान में लगातार इजाफा होता जा रहा है। सात को पारा 40.4 डिग्री रहा था जो मंगलवार को बढ़कर 43.9 पहुंच गया। यह सीजन का सर्वाधिक तापमान है। गर्मी के चलते प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राहगीरों को ऐसा लग रहा था मानो आग बरस रही हो। बुधवार सुबह से हल्की हवाएं चल रही थी, कड़ी धूप निकली हुई थी।
सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सात जून से पहले दिन का पारा सामान्य से कम चल रहा था। न्यूनतम पारा 28.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर न्यूनतम पारा 31.8 डिग्री रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण लू चलती है पर इस बार जून में लगातार उत्तर-पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इससे नमी का प्रतिशत तापमान के अनुसार नहीं घट रहा है। नमी का अधिकतम प्रतिशत 53 और न्यूनतम 31 रहा। यह इस सीजन में सबसे कम है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार तापमान में आज मामूली कमी आ सकती है, लेकिन गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 12 जून को बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बूंदें पड़ सकती हैं। इससे उमस भरी गर्मी होगी। 13 से 16 जून तक विभाग ने आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल एक-दो दिन हीट वेव से राहत तो नहीं मिलेगी, लेकिन इसके बाद बदली छाने और बारिश होने से थोड़ी राहत मिल सकती है। नए पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून की गति बढ़ेगी और इसके फिलहाल 20 से 25 जून के बीच में आ जाने की संभावना है।