
संवाददाता
कानपुर। मैरी जीसस स्कूल में बुधवार सुबह बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड की सिर कटी लाश मिली। उसका धड़ चारपाई पर पड़ा था जबकि सिर जमीन पर अलग पड़ा था। करीब एक साल से बंद स्कूल में ठेकेदार के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर मृतक के परिजन और पुलिस पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना चकेरी थाना क्षेत्र की है।
मैरी जीसस स्कूल कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन संजय कपूर का है। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पूराने प्रबंधन ने एक साल पहले स्कूल गोविंद नगर के एक बड़े कारोबारी को बेच दिया था। जिसके बाद से स्कूल बंद था। स्कूल की देखरेख ठेकेदार गंगा सिंह कर रहे थे।
गोविंद नगर एच ब्लाक के रहने वाले साठ वर्षीय राम प्रसाद देहली सुजानपुर स्थित मेरी जीसस स्कूल में 7 जुलाई से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। बुधवार 13 अगस्त की सुबह ठेकेदार गंगा सिंह जब स्कूल की देखरेख करने पहुंचे तो गार्ड अपने रूम में नहीं था। उन्होंने आवाज लगाई लेकिन कोई नहीँ आया।
उन्होंने बताया कि जब मैं सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में गया तो नजारा देखकर दंग रह गया। कमरे से बदबू आ रही थी। उसका सिर जमीन पर पड़ा था जबकि आधी बॉडी चारपाई पर पड़ी थी। मैंने तुरंत पुलिस और उसके परिजनों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस और राम प्रसाद की पत्नी शांति देवी, बेटा आशीष रावत और अंकित रावत पहुंचे।






