
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर कस्बे में किदवई नगर की रहने वाली गुलफ्शा घरेलू विवाद के बाद रेलवे ट्रैक पर जा बैठी। वह पति इरफान से खर्चे को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में घर से निकलकर रेलवे स्टेशन जा पहुंची थी।
प्लेटफॉर्म पर तैनात जीआरपी के सिपाहियों ने महिला को रेल पटरी पर बैठे देखा। ट्रेन के आने का समय नजदीक था। सिपाहियों ने तुरंत महिला से बात की।
गुलफ्शा ने बताया कि वह पति से नाराज होकर यहां आई है। जीआरपी ने उसे समझा-बुझाकर पटरी से हटाया और सुरक्षित स्थान पर ले गई।
पुलिस ने महिला के पति इरफान और परिजनों को मौके पर बुलाया। सिपाहियों ने परिवार को समझाया और आगे ऐसे विवाद न करने की हिदायत दी। इसके बाद पति और परिजन गुलफ्शा को साथ लेकर घर चले गए।
जीआरपी की वजह से एक संभावित दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद को बातचीत से सुलझाना चाहिए, न कि ऐसे कदम उठाकर जान जोखिम में डालनी चाहिए।






