March 15, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर को लेकर समृद्धि गैस एजेंसी पर जमकर हंगामा हो गया। सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही 100 से अधिक लोगों की भीड़ लगी थी। इसी दौरान एक युवती ने एजेंसी से जुड़ी महिला पर थप्पड़ मारने का आरोप लगा दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग भड़क गए और एजेंसी परिसर के बाहर विरोध शुरू कर दिया। युवती ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जाजमऊ की पुरानी चुंगी निवासी पलक सिंह ने बताया कि वह सुबह 8 बजे समृद्धि गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि एजेंसी की एक महिला ने उनसे कहासुनी के दौरान थप्पड़ मार दिया।
पलक के मुताबिक, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो महिला ने उल्टा उन पर ही गुस्सा जताना शुरू कर दिया। इसके बाद एजेंसी परिसर में मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और माहौल गरमा गया।
संजय नगर निवासी इमरान ने बताया कि उन्होंने सिलेंडर की बुकिंग कराई थी और ओटीपी भी आ गया था, लेकिन पिछले पांच दिनों से उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि घर में गैस खत्म होने के कारण खाना बनाना मुश्किल हो गया है और उन्हें पड़ोसियों के यहां खाना बनवाना पड़ रहा है। इमरान के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक महिला एजेंसी पर आई और जबरन लोगों की बुकिंग कॉपियां वापस करने लगी। विरोध करने पर उसने अभद्रता की और कॉपियां फेंक दीं।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बताया कि वे सुबह करीब 6 बजे से ही लाइन में लगे हुए थे। जब उनका नंबर आने ही वाला था तभी अचानक एक महिला आई और करीब 30 से 40 लोगों की बुकिंग कॉपियां वापस कर दीं। इससे नाराज होकर लोग एजेंसी के बाहर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी महिला को रोककर उससे पूछताछ शुरू की। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह महिला गैस एजेंसी में किस पद पर कार्यरत है।
चकेरी थाने के एसएसआई भानु प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि तहरीर मिलती है तो जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News