
संवाददाता
कानपुर। बिधनू में एक महिला द्वारा रची गई साजिश में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हमीरपुर की रहने वाली पीड़िता की शादी इसी साल जनवरी में हुई थी। पति से विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। उसकी कोर्ट में आते जाते बिधनू की एक महिला से दोस्ती हो गई। 8 जुलाई को महिला ने युवती को अपने घर बुलाया। खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को बेहोश कर दिया गया।
आरोप है कि महिला के घर में पहले से मौजूद सजेती के धिरिजापुर निवासी जोगेंद्र यादव, अफजलपुर के अशोक यादव, हमीरपुर के योगेंद्र सचान और तीन अज्ञात लोगों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला और उसकी बहन ने इस दौरान वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया।
17 जुलाई को महिला ने फिर युवती को बुलाया। वीडियो डिलीट करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने 30 जुलाई को डीसीपी साउथ के कार्यालय में शिकायत की।
बिधनू थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।






