March 13, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  फरवरी में लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों में एक नया विक्षोभ उत्तरी ईरान और उत्तरी पाकिस्तान से आ रहा है। इससे पहाड़ों पर अधिक बर्फबारी और बारिश होगी। इसका असर मैदानों पर भी पड़ेगा। मार्च का पहला सप्ताह सर्द रहेगा।
उत्तरी पाकिस्तान और ईरान से आए पश्चिमी विक्षोभ ने समय से पूर्व ही मैदानों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के बीच प्रदेश के 60 फीसदी हिस्से में घने बादल छा गए हैं जिसमें कानपुर भी है। ऐसे में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम में सर्दी का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों के कारण 27, 28 फरवरी, 1 से 4 मार्च तक कानपुर मंडल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बदली छाई रहेगी। बुधवार सुबह इसका असर भी देखने को मिला, सुबह बादलों की आवाजाही से मौसम सुहाना व ठंडा रहा।
कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश जारी रहेगी। यह पहला सशक्त विक्षोभ है जिसमें पहाड़ों से लेकर मैदानों तक इसका प्रभाव एक साथ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होने के बाद मैदानों में सर्द हवाएं चलने लगीं। हवा की रफ्तार कम होने से दिन में असर नहीं पड़ा लेकिन रात के तापमान गिर गया।
सात फरवरी को कानपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा था। अब 25 फरवरी को न्यूनतम पारा 10 डिग्री पर पहुंचा है। यह सामान्य से कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। हवा की रफ्तार 3.7 किमी प्रति घंटा रही।