March 9, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अभिषेक 4 सितंबर की रात घर से निकले थे। रात 10:30 बजे तक वह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ लोग अभिषेक को सुनसान गली में ले गए। सीसीटीवी फुटेज में वह संदिग्ध लोगों के साथ दिख रहे थे। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि पुलिस अभी तक मुकदमा दर्ज करने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि सबूत लाने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 6 सितंबर की रात युवक का शव झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। संपूर्ण तथ्यों पर गहराई से जांच की जा रही है, आवश्यक विधिक करवाई की जाएगी।