March 4, 2026

संवाददाता
कानपुर।
धीरे-धीरे गंगा का जल स्तर बढ़ता ही जा रहा हैं। इस कारण कटरी के कई गावों के अंदर तक पानी भर गया है। लोगों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। कई लोग अपना सारा सामान उठाकर दूसरी मंजिल में शिफ्ट हो गए हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह कटरी के गांवों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह उन गांवों में पहुंचे जहां पर बाढ़ का पानी पहुंच गया हैं। वहां के लोगों की दिनचर्या और उनकी समस्याओं पर उनसे चर्चा की। इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ग्रामीणों को आपातकालीन नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी लोग गांवों में हैं, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उनके रहने, खाने-पीने आदि चीजों की भी व्यवस्था का खास ध्यान रखा जाए। लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन गांवों में जल स्तर बढ़ा हुआ है, वहां निरंतर निगरानी रखी जाए और इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का चिन्हांकन कर आवश्यकता अनुसार तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को गांवों में साफ–सफाई की विशेष व्यवस्था बनाए रखने और निगरानी करने को कहा गया।
इस दौरान ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी अनुभव सिंह ने अवगत कराया कि चैनपुरवा के 42 परिवार जल स्तर बढ़ने से प्रभावित हुए हैं। इन परिवारों को बाढ़ राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। राशन भी कोटेदार के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है।
गांव में प्रवेश के लिए जिला प्रशासन द्वारा निशुल्क ट्रैक्टर की भी व्यवस्था की गई है।