
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील के ककवन ब्लॉक स्थित विषधन के संतूपुरवा में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पिछले 15 वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है।
ग्रामीण अंकुर, शिवसिंह, जयसिंह और सर्वेश ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए प्रधान से कई बार गुहार लगाई गई। प्रधान हर बार आश्वासन देकर टाल देते हैं। खरंजा टूटा हुआ है। सड़क पर कचरा और गंदा पानी जमा रहता है।
नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे आसपास बदबू फैल रही है। साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान की उदासीनता से गांव की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में तत्काल सफाई अभियान चलाने की मांग की है। इससे उन्हें गंदगी और दुर्गंध से निजात मिल सकेगी।






