March 6, 2026

संवाददाता

कानपुर। कल मौसम सामान्य रहा, लेकिन उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ। अधिकतम आर्द्रता 88 प्रतिशत और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 9.1 किलोमीटर प्रति घंटा दक्षिण से पूर्व दिशा में चली।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आगामी 4 दिन 3 सितम्बर तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मानसून की टर्फ लाइन राजस्थान के बीकानेर, कोटा, मध्यप्रदेश के सिवनी, छत्तीसगढ़ के दुर्ग, ओडिशा के भवानीपटना और गोपालपुर होते हुए मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जो ऊंचाई पर दक्षिण की ओर झुक रहा है। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ का असर भी पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब क्षेत्र में चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में स्थानीय वर्षा फसलों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सिंचाई फिलहाल रोक दें और मौसम की अनुकूलता को ध्यान में रखकर ही खेतों में कार्य करें।
कुल मिलाकर, कानपुर में आने वाले दिनों में मौसम बदलने की पूरी संभावना है और हल्की वर्षा से उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।