
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में औरंगपुर सांभी गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का घर के अंदर कमरे में फांसी पर शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव फांसी पर लटका देने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की।
एसडीएम कालोनी बिल्हौर निवासी शिव प्रकाश पाल की बेटी अंशिका पाल की शादी 4 साल पहले क्षेत्र के औरंगपुर सांभी गांव निवासी बाबू रामपाल के पुत्र राज प्रताप पाल के साथ हिंदू रीति रिवाज से दान दहेज के साथ हुई थी।
राज प्रताप क्षेत्र के खजुरी गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनकी और अंशिका की तीन साल की एक बेटी आराध्या है। मृतका की बहन ज्योति के अनुसार शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन बीते कुछ समय से ससुरालीजन उनकी बहन को प्रताड़ित करने लगे थे। आज शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने सूचना दी कि तुम्हारी बहन ने फांसी लगाकर कर आत्महत्या कर ली। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो अंशिका का शव कमरे में फांसी पर लटका हुआ था। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि पति राज प्रताप, सास शान्ति, ससुर बाबूराम व ननिहाल में रह रहे मृतका के भांजे सौरभ पाल ने विवाहिता की हत्या कर आत्म हत्या का रूप देने के लिए जेवर उतारने के बाद फांसी पर लटका दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू की। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव फांसी से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के अनुसार मृतका की बहन ज्योति की तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही करने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।