
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्नौज सीमा से सटे हसौली काजीगंज गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद 50 वर्षीय शिवकुमार पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी रहीमपुर करीमपुर को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके साथी मथुरा प्रसाद पुत्र कालिका प्रसाद का इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवकुमार अपने साथी मथुरा प्रसाद के साथ कन्नौज के सकरी गांव स्थित रिश्तेदारी में गए थे। जब दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर हसौली काजीगंज गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भेजने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।






