March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
पनकी थानाक्षेत्र के जवाहर पुरम के बबूल के जंगल में अधेड़ का शव मिला। सिर व नाक पर चोट के निशान मिले है। इसके साथ ही घटनास्थल के पास से पुलिस को शराब की बोतल मिली है। पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते फोरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया।
जवाहर पुरम के सेक्टर 4 में बबूल का जंगल है, जहां पर  एक अज्ञात अधेड़ का शव पड़ा मिला। पास में स्थित चाय दुकानदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शव के सिर के पिछले हिस्से में चोट थी, इसके साथ ही नाक से खून बह रहा था।

पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, हालांकि देर रात तक शिनाख्त नहीं हो सकी। जांच के दौरान मौके पर कई लोगों की उपस्थिति के साक्ष्य के साथ शराब की बोतल भी मिली है। विवाद के बाद अधेड़ की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। 

पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।