April 11, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  पेट्रोल पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। लोगों को बिना किसी परेशानी के पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। हर्षनगर स्थित पेट्रोल पंप पर भी आम दिनों की तरह ही ईंधन की आपूर्ति जारी है।
शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों जैसा ही माहौल देखने को मिला। हर्षनगर के बड़े पेट्रोल पंप पर भी केवल 2 से 4 वाहन ही लाइन में दिखाई दिए, जिससे साफ है कि शहर में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
पेट्रोल पंप मैनेजर शैलेन्द्र अग्रवाल ने बताया- पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उनके पंप पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कंपनी की ओर से नियमित सप्लाई भी मिल रही है। ऐसे में किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण अचानक भीड़ बढ़ गई थी। लोग घबराकर अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने लगे, जिससे कुछ समय के लिए दबाव की स्थिति बन गई। हालांकि अब हालात पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में हैं।
शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। 

Related News