
संवाददाता
कानपुर। मानसून की एंट्री जल्द हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट है। यूपी के पूर्वी जिलों से इस बार मानसून प्रवेश लेगा।
वहीं घाटमपुर में हुई बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। शाम को चली तेज हवाओं ने भी लोगों को गर्मी से काफी राहत दी। बुधवार सुबह से धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रही।
कानपुर में बीते 72 घंटों से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। लेकिन बादल बिना बरसे ही जा रहे हैं। मौसम विभाग ने 18 से 23 जून तक पूर्वी यूपी और 20 व 21 जून के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कानपुर में 19, 20 और 21 जून को अच्छी बारिश की संभावना है।
कानपुर में अधिकतम तापामन 38.9 डिग्री रहा, ये सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। कानपुर में एयरफोर्स के रिकॉर्ड के मुताबिक पारा 30.2 डिग्री को छोड़ शेष जिलों में 30 से काफी कम रहा।
सीएसए वेदर स्टेशन में न्यूनतम पारा 28 डिग्री रहा। कानपुर में अधिकतम नमी का प्रतिशत 81 और न्यूनतम 42 रहा। इस कारण हीट इंडेक्स 64 पहुंच गया जो रेड जोन में आता है।
मानसून की गति अब तक अच्छी बनी हुई है। बिहार में प्रवेश कर जाने के बाद 48 घंटों के अंदर पूर्वी यूपी के रास्ते मानसून दाखिल हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक मानसून की गति अब तक बेहद सामान्य रही है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार वैसे तो पूरे प्रदेश में मौसमी गतिविधियां बनी रहेंगी, जिससे आंधी-बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। 23 जून तक पूरे प्रदेश के लिए अलर्ट है। पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी में दो दिन ऑरेंज अलर्ट रहेगा।