
संवाददाता
कानपुर। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की नर्सिंग ऑफिसर से 59 लाख ठगी करने वाले फर्जी जज विष्णु शंकर गुप्ता की ठगी का शिकार हुई एक और पीड़िता सामने आई है। सचिवालय में तैनात इस युवती को भी शादी का झांसा देकर भी विष्णु शंकर गुप्ता ने 40 लाख रुपए की ठगी की थी।
पीड़िता ने मामले की शिकायत ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार से की है। मामले की जांच डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह को दी गई है।
लखनऊ में रहने वाली युवती सचिवालय में कार्यरत हैं। उनका आरोप है नवाबगंज निवासी विष्णु शंकर गुप्ता ने जज बनकर उससे फरवरी 2024 में ग्वालटोली इलाके में मुलाकात की थी। इसके कुछ दिन बाद शादी का झांसा देकर 40 लाख रुपए ठग लिए गए।
पीड़िता ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार से मामले की शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि उसने शातिर की शिकायत लखनऊ पुलिस से भी की है, जिसकी जांच चल रही है।
युवती ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर को बताया कि आरोपी की कानपुर में गिरफ्तारी होने के बाद ही उसने शातिर को पहचान लिया था। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच डीसीपी सेंट्रल को दी है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालटोली थाने को जांच दी गई है। सबूत मिलते ही आरोपी विष्णु शंकर गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






