December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
बिल्हौर के बैडी अलीपुर गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मोहन सिंह के पुत्र भगवती सिंह ने अपनी पैतृक जमीन पर दबंगो द्वारा जबरन रास्ता बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने गांव के चार लोगों पर यह आरोप लगाया है।
इस मामले में पहले जिलाधिकारी स्तर पर दो बार जांच हो चुकी है। उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट में भी स्पष्ट रूप से कहा गया था कि राजस्व नक्शे में उस स्थान पर कोई रास्ता दर्ज नहीं है।
रिपोर्ट के बावजूद, आरोपियों ने कथित तौर पर ट्रैक्टर लेकर जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। भगवती सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं को आगे करके उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश भी रची।
भगवती सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस विपक्षी दबाव के कारण निष्क्रिय बनी हुई है।
भगवती सिंह ने अब जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उनकी जमीन पर अवैध रूप से रास्ता बनाने के प्रयास को रोकने की मांग की है। 

उन्होंने थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज से भी शिकायत की है और न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने कहा कि उचित कार्यवाही होगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करके उचित कार्यवाही की जाएगी।