
संवाददाता
कानपुर। शहर में इन दिनों मौसम का मिजाज दिन व रात के साथ बदल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। लेकिन दिन के समय तेज धूप गर्मी का एहसास करा रही है। सुबह के समय उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं ने ठंडक का एहसास कराया।
सीएसए के मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इस तापमान ने हल्की ठंडक का एहसास कराया। लोग हल्के स्वेटर या शॉल में सुबह की सैर के लिए निकले।
10 बजे के बाद से सूरज की तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जिससे दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। दिन के समय लोग फुल जैकेट आदि पहनने से कतरा रहे हैं। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रहा।
शाम होते ही मौसम ने एक बार फिर से करवट ली और उत्तर पश्चिमी दिशा से आने वाली सर्द हवाएं ठंडक का एहसास दिलाने लगीं। ये हवाएं रात के तापमान को भी गिरा रही हैं। दिन व रात के तापमान में दोगुने का अंतर दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 से 48 घंटों में इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं। सुबह और रात के समय उत्तर पश्चिमी हवाएं ठंडक का एहसास कराएंगी। इसके अलावा दोपहर में तेज धूप हल्की गर्मी महसूस करा सकती हैं। पाकेट्स में बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।






