July 1, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
बिल्हौर में खेरेश्वर गंगा तट पर स्नान के दौरान डूबे आयुध कर्मी का शव दो दिन बाद मिल गया। शनिवार सुबह अल्लापुर भसेनी गांव के सामने गंगा में उनका शव उतराता हुआ दिखा।
लघु आयुध निर्माणी में कार्यरत 40 वर्षीय अमित सिन्हा अरमापुर स्टेट के सरकारी आवास में रहते थे। वह मूल रूप से पटना, बिहार के रहने वाले थे। उनकी बहन और बहनोई पटना से उनके घर आए हुए थे।
गुरुवार को अमित अपने परिवार और मेहमानों के साथ खेरेश्वर महादेव के दर्शन और गंगा स्नान के लिए गए थे। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। शुक्रवार को भी खोजबीन जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकलवाया। 

परिजनों द्वारा पहचान करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।