
संवाददाता
कानपुर। शनिवार सुबह पनकी मंदिर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बने नाले में एक महिला का शव मिला। राहगीरों ने 112 नंबर पर पुलिस को इसकी सूचना दी। पनकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर मोर्चरी में भेजा है। यहां पहचान के लिए शव को रखा गया है।
चश्मदीदों ने बताया- नाले में एक पुराना कंबल लिपटा हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसमें महिला का शव होने की आशंका हुई। शव नाले के अंदर पत्थर से दबा हुआ था, जिससे पूरी बॉडी ऊपर नहीं आ सकी और सिर्फ महिला का सिर ही दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने जब शव बाहर निकलवाया तो महिला ने यलो कलर की कुर्ती और पिंक कलर का लोअर पहने थी। नाक में बाली थी और दाहिने हाथ पर आरएन लिखा था।
पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों का कहना है कि महिला क्षेत्र की रहने वाली नहीं लगती। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया।
एसीपी पनकी मनोज सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। शव को 72 घंटे मोर्चरी में पहचान के लिए रखा गया है, अगर पहचान नहीं होती तो पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।






