July 31, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
घाटमपुर के सजेती में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी के गले में चाकू मारने वाले युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। माना जा रहा है कि उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है।
मृतक फतेहपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के झाऊपुर गांव का रहने वाला था। उसका शव कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक पर सिरसा और धरछुआ क्रासिंग के बीच पाया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
युवक के हाथ पर सुनील कुमार झाऊपुर गुदा था। इसी से पुलिस ने उसकी पहचान की। जानकारी के अनुसार सोमवार को सुनील ने विवाद के बाद अपनी पत्नी गोलू देवी के गले में चाकू मार दिया था। गंभीर रूप से घायल होने पर गोलू को जहानाबाद सीएचसी से कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया था। वहां उसका इलाज जारी है।
गोलू देवी के पिता रिठवां निवासी देवीदीन ने दामाद सुनील के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुनील की पिटाई भी की थी।
सुनील के दो बेटे और दो बेटियां हैं। उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण गोलू देवी करीब दो महीने से अपने मायके में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी।
सजेती थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।