
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील के टौंस ग्राम पंचायत के खुटार गांव में ब्लॉक प्रमुख सरसौल डॉ. विजय रत्ना तोमर की अगुवाई में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
जनसंवाद से पहले डॉ. तोमर ने गांव की प्रमुख गलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत करके उनकी समस्याएं जानीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं- प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह और किसान सम्मान निधि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
डॉ. तोमर ने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक भगवान का दूसरा रूप होते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने चरित्र बल और निडरता को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। शहरों के साथ-साथ गांवों में भी तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी को आवश्यक बताया।
इस मौके पर डॉ. तोमर ने टौंस ग्राम प्रधान अंकित और पंचायत सहायक शुभम यादव को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किए जाने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनसंवाद कार्यक्रम में अरुण तोमर रोहित, अजय प्रताप सिंह चुक्कु, सप्पू सिंह, जितेंद्र सिंह दीपक उत्तम, पूनम, विकास मिश्रा, अमन चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






