
संवाददाता
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में बताशे का ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर डंडे से हमला किया गया। यह घटना शंभुआ गांव में हुई। हमले में शंभुआ गांव निवासी अंकुश निषाद घायल हो गए, जिनके सिर में चोट आई है।
अंकुश निषाद पार्किंग के पास बताशे का ठेला लगाते हैं। गांव के रामचंद्र के बेटे शुभम, श्यामू, ब्रजेश और शिवम अपने साले का ठेला उसी जगह लगवाना चाहते थे। अंकुश ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे गालियां दीं और डंडे से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित अंकुश के भाई अंकित ने बिधनू थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बिधनू थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और विवाद के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।






