
आ स. संवाददाता
कानपुर। होली के त्योहार से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। इसके चलते एडीएम आपूर्ति आशुतोष दुबे ने एसडीएम यादुवेंद्र सिंह वैश्य के साथ घाटमपुर के होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया।
घाटमपुर कस्बे में कुल 40 होलिका दहन स्थल हैं। इनमें से पचखुरा, शेखवाड़ा और सिहारी नगर के विवादित स्थलों पर विशेष ध्यान दिया गया। एडीएम ने मौके पर मौजूद एसडीएम और थाना प्रभारी को इन स्थलों की सुरक्षा और साफ-सफाई के लिए विशेष निर्देश दिए।
इसके लिए पूरे तहसील क्षेत्र में 336 होलिका दहन स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रशासन ने सभी स्थलों का सीमांकन कर उन्हें सुरक्षित करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम यदुवेन्द्र सिंह वैश्य के अनुसार, सभी होलिका दहन स्थलों का सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन ने लेखपालों और क्षेत्रीय पुलिस कर्मियों की एक टीम बनाई है। यह टीम अगले दो दिनों में सभी होलिका दहन स्थलों के पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करेगी। इस व्यवस्था से होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में मदद मिलेगी।