March 9, 2026

संवाददाता

कानपुर। रेलबाजार क्षेत्र में मीरपुर पानी टंकी के पास एक बंद मकान में छापेमारी करके 18 जुआरियों को अरेस्ट कर लिया गया। जबकि चार शातिर जुआरी छत फांदकर भाग निकले।

मुखबिर की सूचना पर एसीपी कैंट ने जुआरियों के अड्‌डे को बेनकाब किया। पकड़े गए सभी जुआरियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनका चालान किया गया। पुलिस जल्द ही फरार जुआरियों को भी अरेस्ट करके जेल भेजेगी।एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय ने बताया कि थाना रेलबाजार क्षेत्र के मीरपुर पानी टंकी के पास दीपांशु यादव उर्फ गोलू का घर है।
मुखबिर ने सूचना दी थी कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छुट्‌टी होने के चलते शातिर गोलू ने जुए की बड़ी फड़ लगवा रखी है। जिस मकान में जुआ खिलवाया जा रहा है, उसमें बाहर से ताला लगा हुआ है। जिससे किसी को शक नहीं हो कि मकान के भीतर जुआ चल रहा है। एसीपी को मुखबिर ने बताया कि थाने के कुछ पुलिस कर्मी जुए को संरक्षण दे रहे हैं।
इसके चलते रेलबाजार थाने पर सूचना दिए बगैर एसीपी ने छापा मारा और बंद मकान में जुआ खेलते हुए 18 जुआरियों को अरेस्ट कर लिया। जबकि चार जुआरी भाग निकले। पुलिस ने मौके पर 32 हज़ार रुपए, 10 स्मार्ट फ़ोन, 3 कीपैड फ़ोन,1 अंगूठी बरामद बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दीपांशु यादव उर्फ गोलू और कुनाल यादव जगह बदल बदलकर बड़ा जुआ करवाते थे। जब पुलिस अधिकारी को जानकारी हुई तो पुलिस में स्पेशल टीम बनाई गई।
पुलिस ने जब गोलू के मकान में छापेमारी की तो वहां 22 जुआरी जुआ खेल रहे थे। पुलिस में मौके से सरगना गोलू यादव और कुनाल यादव समेत 18 जुआरियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा।