
संवाददाता
कानपुर। किदवई नगर पुलिस ने 13 साल की किशोरी से रेप और पॉक्सो एक्ट के आरोपी प्रेम उर्फ अंश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर से गिरफ्तार किया है। साथ ही किशोरी को भी बरामद कर लिया गया है।
किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि जूही बारा देवी में रहने वाली महिला ने बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। महिला के मुताबिक उसकी बेटी आधार कार्ड को मोबाइल नंबर से लिंक कराने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस की मदद से तलाश शुरू की गई। इस पर उसकी लोकेशन गाजियाबाद मिली। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम को लोनी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर किशोरी को भी बरामद किया गया है। आरोपी को जेल भेजने के साथ ही किशोरी का मेडिकल कराया गया है।