
संवाददाता
कानपुर। अखिल भारतीय सर पदमपत सिंघानिया ब्रिज प्रतियोगिता का 25वां संस्करण 20 फरवरी से शहर के कानपुर क्लब में आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से नामी ब्रिज खिलाड़ी भाग लेंगे । ब्रिज प्रतियोगिता के दौरान तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता निदेशक वी के शर्मा ने गुरुवार को क्लब में आयोजित एक वार्ता के दौरान पत्रकारों को बताया कि इस प्रतियोगिता का शुभारंभ अजय सरावगी करेंगे। शुक्रवार से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में शहर से तीन जोड़ी शामिल होंगी। जिसमें एक महिलाओं की तो दो पुरुषों की जोड़ी शिरकत करेंगी। इसमें देश के 23 अन्य जोड़े 25 राउंड मैच खेलेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन ही इस खेल से जुड़ी वेबसाइट का शुभारंभ भी होगा जिसमें देश ही नहीं पूरे विश्व के खिलाड़ियों की कुंडली देखने को मिल सकेगी।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्देश्य ब्रिज खेल को बढ़ावा देना और देशभर के खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन 20 फरवरी को होगा, जिसके बाद लगातार कई राउंड खेले जाएंगे। विजेताओं को ट्रॉफी और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और क्लब परिसर में खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान प्रतियोगिता निदेशक के साथ एसबी सिंह, गजेन्द्र सिंह, जितेन्द्र अवस्थी,अमित मिश्रा मौजूद रहे ।






