
आ स. संवाददाता
कानपुर। अभी तक मार्च माह का सबसे अधिक तापमान 33.6 डिग्री कानपुर में दर्ज किया गया। ये सामान्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। 12 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आंधी का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं न्यूनतम पारा भी अब चढ़ने लगा है। कल यह 13 डिग्री रहा जो सामान्य से मात्र 0.2 डिग्री अधिक है। तापमान में इतने उतार-चढ़ाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ हैं। अगले 5 दिनों में बादलों की आवाजाही भी बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने 13 और 14 को लिए अलर्ट जारी किया है उसमें पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी-पानी आ सकता है। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी क्षेत्र में कानपुर को भी फिलहाल शामिल किया गया है जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पांच मार्च से अब तक दिन का तापमान चढ़ रहा है। पांच मार्च को दिन का पारा 24.4 डिग्री था जो अब बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है।
मात्र पांच दिनों में 9.2 डिग्री तापमान बढ़ गया है। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण ऐसी असंतुलित स्थिति बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, विक्षोभों का सिलसिला इस बार देर तक बना हुआ है। 12 मार्च को नए विक्षोभ आ रहे हैं जिससे कानपुर और आसपास आंधी-तूफान की संभावना है।
यह संभावना होली जलने और उसके अगले दिन तक बनी रहेगी। यदि विक्षोभ का असर यहां तक नहीं आया तो भी गर्मी में कमी की कोई संभावना नहीं है।