March 12, 2026

संवाददाता

कानपुर। बिरहाना रोड स्थित दवा बाजार में एक टप्पेबाज व्यापारी की गोलक से डेढ़ लाख रुपए निकाल कर फरार हो गया। शातिर ने नेबुलाइजर खरीदने के बहाने वृद्ध व्यापारी को झांसा दिया। घटना की जानकारी होने पर दवा बाजार के पदाधिकारी व्यापारी के साथ कलक्टर गंज थाने पहुंचे और शिकायत की।
बिरहाना रोड दवा बाजार निवासी अभिषेक अवस्थी दवा के होलसेल व्यापारी है। मकान के नीचे ही उनकी कानपुर डिस्ट्रीब्यूटर के नाम से दुकान है।
उन्होंने बताया कि वह खाना खाने घर गए थे। इस बीच उनके पिता दिनेश कुमार दुकान पर बैठे थे। तभी एक युवक आया और उसने पांच नेबुलाइजर खरीदने की बात कही।
पिता ने दुकान में केवल एक नेबुलाइजर होने के बात की तो युवक ने कहा कि वह पांच का ऑर्डर दे गया था,  उसको आज बुलाया गया था। इस पर पिता गोदाम से नेबुलाइजर लाने के लिए गए।
इस बीच युवक गोलक में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए निकाल कर फरार हो गया। पिता जब गोदाम से वापस आए तो गोलक का लॉक टूटा देखकर घबरा गए।
घटना की जानकारी होने पर दवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री, दि फुटकर दवा व्यापार मंडल के चेयरमैन समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन लोगों ने तत्काल घटना की शिकायत कलक्टर गंज पुलिस से की। 

सूचना पर थाना प्रभारी ललित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस को यह पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। फुटेज में आरोपी ई-रिक्शा से आता और जाता दिखाई दिया है।