October 23, 2024

आ स. संवाददाता

कानपुर। अगले माह होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव में सीसामऊ सीट पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन में दरार साफ नजर आ रही है। सपा ने इस चुनाव में जेल में बंद पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को सीसामऊ विधानसभा से प्रत्याशी बनाकर प्रचार शुरू कर दिया है, लेकिन नसीम के समर्थन में कांग्रेस अभी तक किसी भी मीटिंग में नजर नहीं आई है।
छावनी विधानसभा से विधायक हसन रूमी ने कहा कि परिसीमन के बाद से सीसामऊ विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ है। इस विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ही जीतती आ रही है। लगातार इस सीट पर सपा के इरफान सोलंकी और उनके पिता हाजी मुश्ताक सोलंकी ने जीत हासिल की थी।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष के अनुसार गठबंधन को लेकर अभी प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ इंतजार करने को कहा है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ भाजपा को हराने के लिए मैदान में उतरेगी। प्रदेश नेतृत्व के आदेश के इंतजार में वह गठबंधन उम्मीदवार की किसी सभा में शामिल नहीं हुए हैं। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फजल महमूद से दुरभाष से वार्ता हुई है। इसके साथ ही सीसामऊ विधानसभा से सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने भी दूरभाष से वार्ता हुई है। लेकिन अभी प्रदेश नेतृत्व ने इंतजार करने को कहा है।
इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने भी अपनी पूरी तैयारी कर रखी है। बीते दिनों सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 10 वार्डों में अलग-अलग मीटिंग की गई। इसके अलावा भन्नाना पुरवा में संविधान बचाओ संकल्प कार्यक्रम का बड़े स्तर पर आयोजन किया गया था। जिलाध्यक्ष ने कहा यदि सीसामऊ विधानसभा में कांग्रेस चुनाव लड़ती है, तो इस विधानसभा सीट पर दलित चेहरे के रूप में संजीव दरियावादी से बेहतर कोई चेहरा नहीं हो सकता। लेकिन अभी हम प्रदेश आलाकमान के आदेश का इंतजार कर रहे हैं कि हमें गठबंधन के साथ रहना है या चुनावी मैदान में उतरना है।

उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा सपा के कुछ नेता बयानबाजी में अधिक बोल देते हैं। पूरे प्रदेश में हमने विधानसभा चुनाव 2022 में सपा को गठबंधन के साथ पूरी ताकत से लड़ाया है। केवल एक सीट पर इस तरह उत्साह खोकर बयान देना ठीक नहीं है। 

गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच यह भी चर्चा है बीजेपी ने अभी अपने पत्ते नही खोले है, उनका प्रत्याशी घोषित होने के बाद गठबंधन प्रदेश नेतृत्व आचम्भित करने वाला भी कोई निर्णय ले सकता है।