February 23, 2026

संवाददाता

कानपुर।  जाजमऊ चुंगी चौराहे पर रविवार सुबह 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। मृतक की पहचान शब्बीर हुसैन के रूप में हुई, जो 30 साल पहले सेना से रिटायर हुए थे।
मृतक के बेटे शमशीर हुसैन ने बताया कि उनके पिता रोजाना साइकिल से उन्नाव के अखलाक नगर स्थित अपने मकान को देखने जाते थे। रविवार सुबह भी वह इसी उद्देश्य से वह 8 बजे घर से निकले थे।
शमशीर हुसैन ने यह भी बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। परिवार उन्हें उन्नाव जाने से मना करता था, लेकिन वह नहीं मानते थे। 

आज पुलिस ने उन्हें सुबह 11:25 बजे पिता की मौत की सूचना दी।
मृतक के एक किरायेदार महेश निषाद ने बताया कि वह शीतला बाजार जा रहे थे, तभी उन्होंने जाजमऊ चौराहे पर भीड़ देखी। वहां पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान की और परिजनों को सूचित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शब्बीर हुसैन ने अपनी साइकिल हाईवे किनारे खड़ी की और फुटपाथ पर बैठ गए। कुछ देर बाद वह वहीं लेट गए और अचेत हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मृतक की पहचान करवाई गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शब्बीर हुसैन लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।