संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत गुरुवार 12, फरवरी को उत्तरप्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया।
विधानसभा पहुँच सभी छात्रों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने विधानसभा के सेंट्रल हॉल, दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी और समिति कक्ष का अवलोकन किया।
विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के नेतृत्व में विधानसभा के अधिकारियों द्वारा छात्रों को बताया गया कि किस प्रकार विधेयक प्रस्तुत किए जाते हैं, उन पर चर्चाएं होती है और अंततः अधिनियम का रूप लेते हैं। साथ ही प्रश्नकाल, शून्यकाल और सदन की कार्यवाही के नियमों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
विधानसभा भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत पहुँचे पत्रकारिता के छात्रों को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पत्रकारिता की जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका समाज को सही दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सतीश महाना ने छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि पत्रकार का दायित्व केवल समाचार प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज की आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता ही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला होती है,
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज के डिजिटल युग में सूचनाओं की गति तेज है, ऐसे में पत्रकारों को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। बिना तथ्यों की पुष्टि के समाचार प्रसारित करना समाज को भ्रमित कर सकता है, इसलिए सत्यापन और नैतिक मूल्यों का पालन अनिवार्य है।
सभी पत्रकारिता के छात्रों ने इस भ्रमण को अपने लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव पत्रकारिता के अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि पत्रकारिता पाठ्यक्रम के अंतर्गत संसदीय पत्रकारिता के व्यवहारिक पहलुओं को समझने एवं सीखने के उद्देश्य से यह शैक्षणिक भ्रमण कराया गया । लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संस्था को निकट से देखने का अवसर पत्रकारिता छात्रों के भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण छात्रों में संवैधानिक मूल्यों, पत्रकारिता जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक समझ को विकसित करने में सहायक होते हैं।
शैक्षणिक भ्रमण का समन्वय विभाग के सहायक आचार्य डॉ. हरिओम कुमार ने किया । भ्रमण के दौरान सह आचार्य डॉ. योगेंद्र पांडेय, विधानसभा अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार श्रीधर अग्निहोत्री व उनके सहयोगी आशीष शर्मा शानू एवं पत्रकारिता विभाग के अंतिम वर्ष के 21 छात्र उपस्थित थे ।
भ्रमण के अंत में सभी शिक्षकों एवं छात्रों ने विधानसभा प्रशासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।






